देवेंद्र यादव का अरविंद केजरीवाल पर वार: ‘गारंटी नहीं, झूठे वादों की राजनीति कर रही है आप’

एनपीटी दिल्ली ब्यूरो
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने खिसकते जनाधार के डर से पुराने वादों को दोहरा रहे हैं।
‘पुराने वादों को पूरा करने में विफल रही आप सरकार’
देवेंद्र यादव ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने 2015 और 2019 में भी किरायेदारों को मुफ्त बिजली और पानी देने का वादा किया था। लेकिन पिछले 10 वर्षों में आप सरकार इन वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही। अब वही झूठे वादे दोहराकर वे किरायेदारों की सहानुभूति हासिल करना चाहते हैं।”
यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मकान मालिकों को सब्सिडी का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है, तो किरायेदारों को वादों का लाभ कैसे मिलेगा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल की नई घोषणाओं पर शंका व्यक्त की और कहा कि उनकी घोषणाएं केवल चुनावी स्टंट हैं।
‘प्रदूषण और बुनियादी समस्याओं पर चुप्पी क्यों?’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने वायु और जल प्रदूषण, डीटीसी की खराब हालत और बदतर स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कभी गंभीरता नहीं दिखाई। “दिल्ली में मानसून के दौरान 30 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। वायु प्रदूषण की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बार-बार स्कूलों को बंद करना पड़ रहा है। लेकिन इन समस्याओं पर केजरीवाल चुप हैं,” यादव ने कहा।
‘जल जमाव और बदहाल इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार नाकाम’
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में जल जमाव की समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है। “बारिश के दौरान दिल्ली की सड़कों पर पानी भर जाता है। अरविंद केजरीवाल को चुनाव के बाद जेल जाने का डर सता रहा है, इसलिए वे जनता से झूठे वादे करने को मजबूर हैं,” उन्होंने कहा।
देवेंद्र यादव ने मांग की कि अरविंद केजरीवाल को अपने पिछले वादों का हिसाब जनता को देना चाहिए। चुनावी माहौल में उनके झूठे वादों पर दिल्ली की जनता भरोसा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान झूठे वादों से बचकर, जनता को अपने वोट से सच का समर्थन करना चाहिए।
विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस और आप के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला चुनावी माहौल को और गरमा रहा है।